
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की नई कार्यकारिणी (कार्यकाल 2026–28) की प्रथम बैठक 17 मार्च, मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के मानस मंडप (प्रथम तल) में आयोजित की जाएगी. बैठक शाम 5 बजे से शुरू होगी, जिसमें संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा.
बैठक से एक दिन पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात
बैठक से एक दिन पूर्व सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और संगठन की सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी. साथ ही आगामी कार्यक्रमों के लिए उन्हें आमंत्रित किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया.
मुलाकात के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी उपस्थित रहे. प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल, महासचिव प्रदीप मिश्रा, संयुक्त महासचिव आकाश शाह, सचिव महेश छापोलिया समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
कार्यकारिणी की पहली बैठक, अहम एजेंडा पर चर्चा
बैठक की शुरुआत अध्यक्ष के स्वागत संबोधन से होगी. इसके बाद झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों का संबोधन होगा. बैठक में संगठनात्मक और सामाजिक विषयों को लेकर विस्तृत चर्चा प्रस्तावित है.
पगड़ी/टीका रस्म और सामाजिक मुद्दों पर मंथन
एजेंडा के तहत पगड़ी/टीका रस्म में गरुड़ पुराण भेंट राशि को बढ़ाकर 20 रुपये किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा मारवाड़ी परिवारों में जन्म, विवाह और गृह प्रवेश के अवसर पर किन्नर समुदाय द्वारा की जा रही अधिक मांगों के मुद्दे पर भी विचार किया जाएगा.
राजस्थान महोत्सव और संगठनात्मक विषय
बैठक में राजस्थान महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर रणनीति तय की जाएगी. साथ ही जुगसलाई शाखा के अध्यक्ष की कथित असंवैधानिक नियुक्ति के मामले पर भी चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा.
अन्य विषयों पर भी होगी चर्चा
अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों को भी बैठक में शामिल किया जाएगा. बैठक के उपरांत प्रतिभागियों के लिए हाई-टी की व्यवस्था रखी गई है.
सम्मेलन की ओर से सभी सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने की अपील की गई है.

