
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना स्थित सिद्धू-कानू बस्ती में 17 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे एक तनावपूर्ण घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया. जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील यूआईएसएल की टीम पानी का कनेक्शन काटने के लिए बस्ती पहुंची थी. इसी दौरान स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने पर स्थिति अचानक बिगड़ गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंपनी की ओर से तीन गाड़ियों में कर्मी पहुंचे थे. बस्तीवासियों ने जब कनेक्शन काटने का विरोध किया, तो कथित तौर पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई. आरोप है कि इस दौरान महिलाओं, बच्चों और किन्नर समुदाय के लोगों के साथ भी मारपीट की गई. घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को गंभीर अंदरूनी चोटें लगने की बात सामने आई है.
घटना के बाद बस्ती में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सिद्धू-कानू बस्ती में लगभग 150 घर हैं और वे लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. उनका आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए पानी कनेक्शन काटना अमानवीय कदम है. बस्तीवासियों की मांग है कि पहले उन्हें वैध और स्थायी पानी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, उसके बाद ही किसी तरह की कार्रवाई की जाए.
वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जल्द हस्तक्षेप कर बस्तीवासियों को न्याय दिलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.

