
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर में सोमवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ली और आंधी के साथ तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया, लेकिन मौसम विभाग की मानें तो यह बदलाव आने वाले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है. पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पूरे पूर्वी सिंहभूम समेत राज्य के कई हिस्सों में अस्थिर मौसम की स्थिति बनी हुई है.
मौसम विभाग ने पहले ही जमशेदपुर सहित 16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसके तहत 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई गई थी. इसी का असर सोमवार शाम देखने को मिला, जब तेज आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ गिर गए. टेल्को क्षेत्र में एक पेड़ गिरने से एक बच्चा घायल हो गया, जिसका इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है.
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार 17 मार्च को भी राज्य में मौसम खराब बना रहेगा. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. लोगों को खासतौर पर सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
18 मार्च को भी मौसम का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा. रांची सहित कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी, हालांकि कुछ जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है. इसके बावजूद मौसम विभाग ने किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी है.
19 मार्च को एक बार फिर मौसम के सक्रिय होने का पूर्वानुमान है. इस दिन पूरे झारखंड में बादल छाए रहने, मेघ गर्जन और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है.
तापमान की बात करें तो अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि बदलते मौसम के इस दौर में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, खासकर वज्रपात और तेज हवा के दौरान खुले स्थानों से बचना चाहिए.

