
उदित वाणी जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के आमबगान स्थित एलिसन अपार्टमेंट से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भुइयांडीह, ह्यूम पाइप स्थित इंद्रा नगर निवासी प्रदीप कुमार महतो ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार उनकी रॉयल एनफील्ड बुलेट (नंबर जेएच 05 बीई 2321) एलिसन अपार्टमेंट के बेसमेंट पार्किंग में खड़ी थी। बारिश के कारण फ्यूल टैंक में पानी चले जाने से बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी, इसलिए उन्होंने उसे वहीं पार्क कर रखा था। उन्होंने बाइक को आखिरी बार 4 मार्च (होली) के दिन देखा था।
12 मार्च को जब वे पार्किंग में पहुंचे तो बाइक वहां से गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के दुकानदारों और मकान मालिक से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने अज्ञात चोरों द्वारा बाइक चोरी किए जाने की आशंका जताई है और पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

