
उदित वाणी सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण संपन्न हो चुका है.
इस दौरान नवनिर्वाचित महापौर और सभी 35 वार्ड पार्षदों को कोल्हान आयुक्त राजीव रंजन कुमार विक्रम ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई
इसके बाद अब नगर निगम में उपमहापौर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी. जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपमहापौर का चुनाव कराया जाएगा.
समाहरणालय सभागार में होगी चुनाव प्रक्रिया
जारी कार्यक्रम के अनुसार आदित्यपुर नगर निगम (वर्ग-ख) में उपमहापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया सरायकेला समाहरणालय सभागार में आयोजित की जाएगी. इस दौरान प्रस्ताव और समर्थन पत्र दाखिल किए जाएंगे, जिसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी.
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नाम वापसी के बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा. इसके पश्चात पार्षदों के बीच मतदान कराया जाएगा और मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी.
निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक पदाधिकारी नियुक्त
उपमहापौर चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. अपर उपायुक्त सरायकेला-खरसावां जयवर्धन कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है.
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी खरसावां प्रधान मांझी तथा अंचल अधिकारी राजनगर श्रवण कुमार झा को सहायक निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
उपमहापौर चुनाव के साथ पूरी होगी नगर निगम की कार्यपालिका
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण के बाद अब उपमहापौर के चुनाव को नगर निगम की प्रशासनिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है. उपमहापौर के चयन के साथ ही आदित्यपुर नगर निगम की अगले पांच वर्षों के लिए कार्यपालिका पूरी तरह से गठित हो जाएगी और के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.

