
उदित वाणी, चाईबासा : हाल ही में सम्पन्न नगरपालिका (आम) चुनाव के बाद चाईबासा नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन में विकास कुमार शर्मा विजयी घोषित किए गए. निर्वाचन परिणाम के अनुसार उन्हें सर्वाधिक 11 मत प्राप्त हुए.
निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा के बाद सदर अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चाईबासा नगर परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने विकास शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
तीन प्रत्याशियों के बीच हुआ मुकाबला
उपाध्यक्ष पद के लिए कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे. मतगणना के अनुसार डोमा मिंज को 4 मत, विकास कुमार शर्मा को 11 मत तथा शीला रजक को 6 मत प्राप्त हुए. इस प्रकार कुल 21 वैध मत पड़े, जबकि कोई भी मत अवैध नहीं पाया गया.

औपचारिक घोषणा के साथ निर्वाचित घोषित
निर्वाची पदाधिकारी द्वारा जारी प्रपत्र–41 के अनुसार सर्वाधिक मत प्राप्त करने के आधार पर विकास कुमार शर्मा को चाईबासा नगर परिषद (वर्ग–ख) के उपाध्यक्ष पद के लिए विधिवत निर्वाचित घोषित किया गया.
वार्ड 21 के निवासी हैं विकास शर्मा
निर्वाचन अभिलेख के अनुसार विकास शर्मा का पता एनजीओ मिशन कम्पाउंड, वार्ड संख्या 21, चाईबासा है. परिणाम की घोषणा सदर अनुमंडल कार्यालय, चाईबासा में 14 मार्च 2026 को की गई.
नगरपालिका चुनाव के बाद नई टीम का गठन
उल्लेखनीय है कि हाल ही में क्षेत्र में नगरपालिका चुनाव सम्पन्न हुए हैं. अध्यक्ष, वार्ड पार्षदों और उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन व शपथ ग्रहण के साथ ही चाईबासा नगर परिषद में नए नेतृत्व की औपचारिक टीम का गठन पूरा हो गया है.
उधर चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचन हेतु पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में मतदान चल रहा है. नतीजे जल्द आने की उम्मीद है.

