
उदित वाणी, जमशेदपुर : इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 स्टेज वन के गेमवीक 3 के पहले मुकाबले में गुरुवार को राजीव गांधी स्टेडियम आइजोल में चानमारी एफसी और डेम्पो एससी के बीच 2-2 से रोमांचक ड्रॉ रहा. चानमारी ने 15 वें मिनट में सुआंगाइहमुना के हेडर से बढ़त बनाई और 43वें मिनट में माल्सावमसांगा ने करीब से शानदार फिनिश कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया. हालांकि डेम्पो ने हाफ टाइम से ठीक पहले वापसी करते हुए 45वें मिनट में मार्कस जोसेफ की सहायता से सेबास्टियन गुटिएरेज़ के गोल से अंतर कम किया. 69वें मिनट में चानमारी को बड़ा झटका लगा जब माल्सावमसांगा रेंथलेई को रेड कार्ड दिखाया गया और टीम को दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. डेम्पो ने इसका फायदा उठाते हुए 81वें मिनट में मार्कस जोसेफ के शक्तिशाली शॉट से बराबरी कर ली. इस परिणाम के बाद चानमारी एफसी अस्थायी रूप से पांच अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई, जबकि डेम्पो एससी दो अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गया.
शुरूआत में डेम्पो ने हमले किए
मुकाबले की शुरुआत में डेम्पो ने कुछ हमले किए, लेकिन चानमारी के कप्तान और गोलकीपर जोथनमाविया ने शानदार बचाव करते हुए टीम को शुरुआती झटके से बचाया. इसके बाद चानमारी ने धीरे-धीरे खेल पर नियंत्रण बना लिया. ब्राज़ीलियाई विंगर जोआओ विटोर डी पाउला मोराइस ‘जोता’ बाएं फ्लैंक से लगातार डेम्पो की रक्षा पंक्ति को परेशान करते रहे. 15वें मिनट में चानमारी को बढ़त मिली. क्रिस्टोफर कामेई की शानदार फ्री-किक पोस्ट से टकराकर मैदान में वापस आई और सुआंगाइहमुना ने तेजी से प्रतिक्रिया करते हुए हेडर के जरिए गेंद को जाल में पहुंचा दिया. घरेलू टीम ने दबाव बनाए रखा और 38वें मिनट में सुआंगाइहमुना ने माल्सावमसांगा के लिए बॉक्स में शानदार पास दिया, लेकिन डेम्पो की रक्षा पंक्ति ने गोल होने से रोक दिया. हालांकि 43वें मिनट में चानमारी ने बढ़त दोगुनी कर ली. सुआंगाइहमुना ने बाएं फ्लैंक पर कामेई को पास दिया, जिन्होंने लो क्रॉस भेजा. माल्सावमसांगा ने मौके का फायदा उठाते हुए दाएं पैर से गेंद को गोल में डाल दिया और स्कोर 2-0 कर दिया.
दूसरे हाफ में चानमारी ने आक्रामक रूख अपनाया
दूसरे हाफ की शुरुआत में चानमारी ने आक्रामक रुख अपनाया. डेम्पो के गोलकीपर आशीष सिबी ने शुरुआती पांच मिनट में माल्सावमसांगा और जोता के प्रयासों को शानदार बचाव के जरिए रोकते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा. 69वें मिनट में मैच का रुख बदल गया जब चानमारी के माल्सावमसांगा रेंथलेई को गोल करने के स्पष्ट अवसर को रोकने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया. डेम्पो ने इसका फायदा उठाने की कोशिश की और दो मिनट बाद ही पृथ्वेश पेडनेकर का लेफ्ट फुट शॉट पोस्ट से थोड़ा बाहर चला गया. आखिरकार 81वें मिनट में डेम्पो को बराबरी मिल गई. मार्कस जोसेफ ने ऊपरी हिस्से में गेंद पर कब्जा जमाया और नजदीकी पोस्ट की ओर जोरदार शॉट लगाकर जोथनमाविया को छकाते हुए स्कोर 2-2 कर दिया.

