
उदित वाणी, जमशेदपुर : गुड़गांव में हुए निर्माणाधीन साइट हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों से रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने मुलाकात की. दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया और उचित मुआवजा तथा नौकरी की व्यवस्था के लिए पहल की.
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुई मुलाकात
गुड़गांव स्थित एक पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में दोनों नेताओं ने मृतक श्रमिकों के परिजनों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया.
मुख्यमंत्री से बात कर दिलाई राहत
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी से फोन पर बातचीत कर मृतक परिवारों को राहत, उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की पहल की.
प्रशासन के बीच समन्वय
मामले को लेकर गुड़गांव के डीसी अजय कुमार ने जमशेदपुर के डीसी और सरायकेला-खरसावां के डीसी के साथ समन्वय स्थापित किया है. वहीं पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा और लेबर कमिश्नर अनिल शर्मा भी मामले में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं.
भिवाड़ी में हुआ था बड़ा हादसा
बताया गया कि भिवाड़ी के कपाड़ियावास क्षेत्र में निर्माणाधीन साइट पर मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ था. मिट्टी धंसने से जादूगोड़ा और ईचागढ़ क्षेत्र के छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.

