
उदित वाणी, गुवा : आगामी ईद, रामनवमी और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर किरीबुरू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रोहित कुमार ने की, जबकि एसआई जितेन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे.
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया. सभी ने क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा को बनाए रखने का संकल्प लिया. उपस्थित लोगों ने कहा कि किरीबुरू क्षेत्र हमेशा से आपसी एकता और सौहार्द का उदाहरण रहा है और आगे भी सभी लोग मिलकर इस परंपरा को कायम रखेंगे.
त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ईद, रामनवमी और सरहुल जैसे प्रमुख पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे. साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई. यदि किसी तरह की संदिग्ध सूचना मिलती है तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को देने को कहा गया, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके.
रामनवमी शोभायात्रा को लेकर चर्चा
बैठक में रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई. निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी शोभायात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से निकाली जाएगी. साथ ही यह भी तय किया गया कि शोभायात्रा में बाहरी कलाकारों को आमंत्रित नहीं किया जाएगा और स्थानीय युवक ही अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन करेंगे.
बैठक में ये लोग रहे उपस्थित
इस मौके पर मुखिया पार्वती किडो, प्रफुल्लित ग्लोरिया टोपनो, राज नारायण शर्मा, संतोष प्रसाद, छोटू सिंह, रब्बे आलम, सुनीता सिंह, शिव कुमार गुप्ता, दीपक ठाकुर, आलम अंसारी, गीता गुईया, कुमुद हेंब्रम, सूरज सिंह, उषा गोप, जेमा कारूवा, नवल कुमार और अरविंद कुमार भगत सहित कई लोग उपस्थित थे.

