
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर जमशेदपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. 12 मार्च को होने वाले मतदान में जिला बार एसोसिएशन के 2212 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इसी बीच मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार “पप्पू” की पहल पर मतदान के दिन विशेष हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी.
यह हेल्प डेस्क न्याय सदन के समीप लगाया जाएगा, जहां अधिवक्ताओं को मतदाता सूची में उनका क्रमांक, मतदान से जुड़ी प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. बताया गया कि मतदान के दौरान कई बार मतदाताओं को सूची में अपना नाम और क्रमांक खोजने में कठिनाई होती है, ऐसे में यह हेल्प डेस्क अधिवक्ताओं के लिए सहायक साबित होगा.
मतदान केंद्र को लेकर उठी आपत्ति, अध्यक्ष ने दिया आश्वासन
चुनाव की निष्पक्षता को लेकर भी अधिवक्ताओं ने कुछ आपत्तियां उठाई थीं. वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार “पप्पू” और अधिवक्ता पंकज कुमार सिन्हा ने मतदान केंद्र के पास चुनाव समिति के सदस्यों की मौजूदगी पर सवाल उठाया था.
इस पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं चुनाव प्रभारी अधिवक्ता रथिन दास ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि बार भवन के प्रथम तल पर बनाए गए मतदान केंद्र में चुनाव समिति से जुड़े सदस्य प्रवेश नहीं करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं भी मतदान केंद्र क्षेत्र में नहीं जाएंगे. वहां केवल बार काउंसिल की ओर से नियुक्त चार पर्यवेक्षक ही प्रवेश कर सकेंगे.
जमशेदपुर में पांच बूथों पर होगा मतदान
बार काउंसिल चुनाव के तहत जमशेदपुर में न्यायालय परिसर स्थित जिला बार एसोसिएशन में पांच मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मतदान 12 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से होगा.
चुनाव में जमशेदपुर के 2212 अधिवक्ता मतदान करेंगे और राज्यभर के लगभग 100 प्रत्याशियों में से 23 सदस्यों का चयन करेंगे.

