
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना क्षेत्र में बुधवार शाम ट्रैफिक पुलिस ने ओवरलोडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. इस दौरान पैसेंजर ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलने वाले कई चालकों को पकड़ा गया और उनका चालान किया गया. अभियान के दौरान सड़क पर चल रहे ऑटो की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी भी दी गई.
ट्रैफिक थाना प्रभारी ने बताया कि यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया गया है. उन्होंने कहा कि कई ऑटो चालक एक साथ 8 से 9 यात्रियों को बैठाकर वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है. ऐसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है ताकि सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.
उन्होंने यह भी कहा कि बिष्टुपुर के डायगोनल रोड पर कई ऑटो चालक सड़क के बीचों-बीच वाहन रोककर सवारी बैठाने लगते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है और यातायात बाधित होता है. ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो चालकों को सख्त निर्देश दिया है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही सवारी बैठाएं और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

