रांची: राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण और मतदान केंद्रों के युक्तिकरण को लेकर बुधवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, ईआरओ, एईआरओ तथा उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक निर्वाचन सदन से आयोजित की गई, जिसमें राज्यभर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े.
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि एक ही घर में रहने वाले मतदाताओं का मतदान केंद्र एक ही स्थान पर निर्धारित हो, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
उन्होंने बताया कि आगामी मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर अंकित स्टिकर मतदाताओं के घरों पर लगाए जाएंगे. इससे मतदाताओं को अपने बीएलओ से संपर्क स्थापित करने में सुविधा मिलेगी. उन्होंने निर्देश दिया कि घरों पर लगाए जाने वाले स्टिकर पर संबंधित मकान का हाउस नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा. जिन मकानों का हाउस नंबर नहीं है, उन्हें ‘नोशनल नंबर’ देकर चिन्हित किया जाए, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, क्योंकि इसके बाद तैयार होने वाली सूची को स्थायी दस्तावेज के रूप में रखा जाता है. ऐसे में इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से जुड़े किसी भी पद को रिक्त न रखा जाए और सभी आवश्यक पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने यह भी कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए नियुक्त किए गए बीएलओ के प्रशिक्षण का कार्य समय पर पूरा किया जाए. प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को बीएलओ ऐप के माध्यम से मतदाताओं की तस्वीर लेने की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण दिया जाए.
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से प्रशिक्षण नोडल अधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ और उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे.
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Advertisement
JHARKHAND- Voter List Revision: एक घर के मतदाताओं का एक ही मतदान केंद्र, हाउस नंबर नहीं तो मिलेगा नोशनल नंबर, CEO ने कहा– कोई पात्र मतदाता न छूटे
Advertisement
<


