
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने एक बड़ा हादसा कर दिया. पुड़ीसिल्ली चौक स्थित शिव मंदिर के पास कांदरबेडा से डोबो जाने वाली मुख्य सड़क पर एक सादा रंग की होंडा क्रेटा कार ने सामने से आ रही ब्लू रंग की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक कुछ दूरी तक कार के साथ घिसटता चला गया और सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी तेज गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका.
घायल की हालत नाजुक
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. कपाली ओपी के प्रभारी मोहम्मद बशीर खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
कार सवारों की पहचान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में दो युवक सवार थे. इनमें से एक की पहचान दिलीप मंडल के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के सितारामडेरा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस अन्य संबंधित तथ्यों की पुष्टि में जुटी है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. गति, लापरवाही और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है.

