
उदित वाणी, जमशेदपुर : जादूगोड़ा स्थित यूसीएल भटिन माइंस के मुख्य गेट के पास बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में कार में सवार चार युवक घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कार जादूगोड़ा से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भटिन माइंस गेट के समीप चालक का वाहन पर से नियंत्रण अचानक हट गया। नियंत्रण खोते ही कार तेज गति में सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जादूगोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि एक युवक को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

