
उदित वाणी, चांडिल : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक आयोजनों के दौरान पानी की कमी से जूझ रहे लोगों को राहत देने के उद्देश्य से विधायक सबिता महतो ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की. उन्होंने क्षेत्र के चार प्रखंड – ईचागढ़, नीमडीह, कुकड़ू और चांडिल – तथा कपाली नगर परिषद के लिए पांच पानी टैंकर जनता को समर्पित किए.
चांडिल प्रखंड क्षेत्र के भुयांडीह में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सबिता महतो ने नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर इन टैंकरों का विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शादी-विवाह, श्राद्धकर्म और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान अक्सर पानी की किल्लत सामने आती है. इस समस्या के समाधान के लिए कुल दस पानी टैंकर उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है.
विधायक ने बताया कि फिलहाल पांच टैंकर जनता के उपयोग के लिए समर्पित किए गए हैं, जबकि शेष पांच टैंकर भी जल्द ही क्षेत्रवासियों को उपलब्ध कराए जाएंगे. उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले क्षेत्र में दस पानी टंकियां दी जा चुकी हैं, जिससे लोगों को काफी सहूलियत मिली है.
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य एवं झामुमो महिला मोर्चा जिला सचिव पिंकी लायेक विशेष रूप से उपस्थित रहीं. इसके अलावा झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, ओम प्रकाश लायेक, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, झामुमो नेता दिलीप महतो, चांडिल प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण किशोर महतो, विश्वनाथ गोप, मिलन तंतुबाई, राहुल वर्मा, कृपाकर महतो, बादल महतो समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

