उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में इन दिनों कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई में कमी के कारण गैस एजेंसियों में भारी भीड़ देखी जा रही है. इसका असर होटल, ढाबा और छोटे व्यवसायियों पर पड़ रहा है, जो समय पर गैस न मिलने के कारण परेशान हैं.
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में घरेलू गैस की बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी हुई है. पहले जहां एक एजेंसी में औसतन प्रतिदिन करीब 100 सिलेंडरों का वितरण होता था, अब यह संख्या बढ़कर लगभग 170-180 हो गई है. बढ़ती मांग के कारण एजेंसियों को डोरस्टेप डिलीवरी में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है और कई जगह उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है.
संचालकों का कहना है कि गैस की कीमतों में वृद्धि की खबरों के कारण लोग भविष्य में महंगाई का डर रखते हुए जरूरत से अधिक सिलेंडर बुक कर स्टोर कर रहे हैं. इसी वजह से बुकिंग का दबाव और बढ़ गया है.
हालांकि, गैस एजेंसी संचालकों ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया है कि घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने सभी से अपील की है कि केवल अपनी आवश्यकतानुसार ही सिलेंडर बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके.


