
उदित वाणी जमशेदपुर : ओडिशा के जंगल क्षेत्रों में हाथियों के झुंड के रेल पटरी पर आ जाने से टाटानगर आने-जाने वाली कई ट्रेनों का परिचालन मंगलवार शाम अचानक प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार कलूंगा और कांसबहल स्टेशन के बीच हाथियों का झुंड रेल लाइन पर पहुंच गया, जिसके कारण सुरक्षा के मद्देनजर अप और डाउन लाइन के साथ-साथ थर्ड लाइन पर भी ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी।
बताया जाता है कि हाथियों के झुंड ने पास के रेलवे क्रॉसिंग के बैरियर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे रेलवे प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। इस कारण शाम करीब 7.30 बजे के बाद से कई ट्रेनों का परिचालन काफी देर तक बाधित रहा।
इस घटना का असर टाटानगर आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है। ऋषिकेश–पुरी कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस के रात करीब 12 बजे के बाद टाटानगर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं कोरापुट–हावड़ा संबलेश्वरी एक्सप्रेस, पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनें भी देरी से चल सकती हैं।
गौरतलब है कि चक्रधरपुर रेल मंडल के जंगल क्षेत्रों में हाथियों के रेल ट्रैक पर आने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिसके कारण कई बार घंटों तक ट्रेन सेवा बाधित होने के साथ कुछ ट्रेनों को रद्द भी करना पड़ा है। रेलवे प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

