उदित वाणी, रांची: राज्यपाल-सह-झारखंड के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने राज्य के तीन विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों की नियुक्ति की है. इसके तहत जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय (ओपन यूनिवर्सिटी) रांची तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची में कुलपति नियुक्त किए गए हैं.
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति बनीं डॉ. एला कुमार
राज्यपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. एला कुमार, जो वर्तमान में Indira Gandhi Delhi Technical University for Women, दिल्ली में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं, को Jamshedpur Women’s University, जमशेदपुर की कुलपति नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति उस तिथि से प्रभावी होगी जब वे पदभार ग्रहण करेंगी. वे कुलाधिपति के प्रसादपर्यंत अधिकतम तीन वर्ष की अवधि तक इस पद पर कार्य करेंगी.
झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी के कुलपति बने अभय कुमार सिंह
इसी तरह अभय कुमार सिंह, जो वर्तमान में Nalanda University में प्रोफेसर एवं डीन के पद पर कार्यरत हैं, को Jharkhand State Open University, रांची का कुलपति नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और वे अधिकतम तीन वर्ष की अवधि तक इस पद पर कार्य करेंगे
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति बने राजीव मनोहर
वहीं श्री राजीव मनोहर, जो वर्तमान में University of Lucknow में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं, को Dr. Shyama Prasad Mukherjee University, रांची का कुलपति नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति भी पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और वे कुलाधिपति के प्रसादपर्यंत अधिकतम तीन वर्ष की अवधि तक इस पद पर कार्य करेंगे.


