
उदित वाणी, राँची/झारखंड : आज झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने लोक भवन, राँची में राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन के बारे में राज्यपाल को विस्तृत जानकारी दी.
शिष्टाचार भेंट के अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को अपनी हालिया वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस और यूनाइटेड किंग्डम यात्रा के बारे में भी अवगत कराया. उन्होंने कहा कि इस दौरान राज्य की निवेश-उन्मुख नीतियों और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को वैश्विक समुदाय के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस यात्रा के परिणामस्वरूप राज्य को विभिन्न निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो औद्योगिक विविधीकरण, रोजगार सृजन, कौशल विकास और आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे.
इस अवसर पर विधानसभा सदस्य श्रीमती कल्पना सोरेन और राज्य के मुख्य सचिवअविनाश कुमार भी उपस्थित थे.

