
उदित वाणी, रांची : राज्य के मंत्रियों, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा उनके परिवारों के लिए भी अब आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की तर्ज पर बेहतर एवं समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी. स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी ने बताया कि यह महत्वपूर्ण निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन और सहमति से लिया गया है. इसके लिए नई नियमावली का प्रारूप तैयार कर लिया गया है. जिसे जल्द ही मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा.
नई नियमावली के तहत उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा और चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति का लाभ मिलेगा. यह व्यवस्था ऑल इंडिया सर्विसेज मेडिकल अटेंडेंस रूल्स 1954 की तर्ज पर लागू की जाएगी. चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति का भुगतान झारखंड विधानसभा सचिवालय के माध्यम से किया जाएगा. नई व्यवस्था लागू होने के बाद देश के विभिन्न अस्पतालों में बेहतर और कैशलेस इलाज की सुविधा प्राप्त करना आसान होगा.
अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है. जब राज्य का स्वास्थ्य विभाग आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराता है, तो मंत्रियों, विधायकों और पूर्व विधायकों को भी उसी स्तर की व्यवस्था मिलनी चाहिए.
