
उदित वाणी जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया शनिवार शाम टाटानगर स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करेंगे।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम विशेष रूप से टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) और यात्रियों से जुड़ी अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का आकलन करेंगे। साथ ही स्टेशन पर साफ-सफाई, यात्री सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और टिकट वितरण प्रणाली की भी जांच की जाएगी। रेलवे अधिकारियों को पहले ही सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार डीआरएम पूरे दिन टाटानगर रेलवे क्षेत्र के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वे रेलवे की क्वार्टर कॉलोनी का भी निरीक्षण करेंगे, जहां कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन विकास से जुड़े अधिकारियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। बैठक में स्टेशन के आधुनिकीकरण और भविष्य की विकास योजनाओं पर चर्चा होगी। अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्टेशन के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने को लेकर कई प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।
दिनभर निरीक्षण और बैठकों के बाद डीआरएम शाम में चक्रधरपुर लौट जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने डीआरएम के दौरे को देखते हुए स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेज कर दी हैं।

