
उदित वाणी, रांची: राज्य सरकार द्वारा लातेहार जिला स्थित नेतरहाट में जमशेदपुर के निक्को जुबली पार्क (Nicco Jubilee Park) की तर्ज पर एम्यूजमेंट पार्क का निर्माण कराया जायेगा. पर्यटन, कला-संस्कृति एवं खेलकूद विभाग द्वारा इसे लेकर लातेहार के उपायुक्त से प्रस्ताव मांगा गया है. उपायुक्त को एम्यूजमेंट पार्क के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित कर उसका प्रस्ताव देने का निर्देश दिया गया है. गौरतलब है कि जमशेदपुर में निक्को जुबली पार्क राज्य का प्रमुख मनोरंजन केंद्र और पिकनिक स्थल है. जिसे बर्ष 1958 में टाटा स्टील द्वारा बनाया गया है.
यह पार्क अपने रोमांचक राइड्स, वाटर पार्क, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, म्यूजिकल फाउंटेन और चिड़ियाघर के लिए प्रसिद्ध है. वहीं पहाड़ों की रानी नाम से चर्चित नेतरहाट राज्य का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है. पर्यटक मुख्य रूप से यहां की प्राकृतिक खूबसूरती के अलावा सनसेट देखने आते हैं. जो काफी आकर्षक होता है. यहां राज्य का सबसे प्रतिष्ठित सरकारी विद्यालय नेतरहाट आवासीय विद्यालय भी है.
राज्य सरकार ने नेतरहाट को ए-श्रेणी के पर्यटक स्थल के रूप में अधिसूचित किया है. यहां पर्यटन के विकास के लिए नेतरहाट पर्यटन विकास प्राधिकार भी गठित किया गया है. भारत सरकार ने भी स्वदेश योजना के तहत नेतरहाट के पर्यटकीय विकास के लिए योजना की स्वीकृति प्रदान की है. इस योजना के तहत यहां के कोयल व्यू प्वाइंट एवं नेतरहाट लेक के पास पर्यटकीय विकास किया जा रहा है. वहीं राज्य सरकार ने नेतरहाट पर्यटन क्षेत्र के संपूर्ण विकास के लिए 43.08 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है.
(Netarhat Amusement Park, Nicco Jubilee Park Jamshedpur, झारखंड सरकार नेतरहाट पार्क प्रस्ताव लातेहार, झारखंड पर्यटन विकास. Jharkhand Tourism Development, New amusement park in Netarhat like Nicco Jubilee Park)

