
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसडीह ग्वाला पट्टी स्थित श्री श्री शिव राधा कृष्ण हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया. सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया. पूरे मार्ग में जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल गूंजता रहा.
कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर परसडीह और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची. श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और परंपरा के अनुसार यात्रा में भाग लिया. इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश रखकर पूजा-अर्चना की और मंदिर में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के लिए मंगल कामना की.
इस धार्मिक आयोजन में राजकुमार सिंह तथा जिला पार्षद उपाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव मुख्य रूप से शामिल हुए. उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ कलश यात्रा में भाग लेकर आयोजन की सफलता की कामना की.
राजकुमार सिंह ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत कई धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं. पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल देखा जा रहा है.

