
उदित वाणी जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित बारीगोड़ा इलाके में बुधवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार मुन्ना सिंह का बेटा धर्मेन्द्र ने करीब आधे-आधे घंटे के अंतराल पर तीन राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक गोलियों की आवाज सुनते ही कई स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर के लिए इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान एक देसी कट्टा बरामद किया गया। बरामद हथियार को जब्त कर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद से आरोपी धर्मेन्द्र फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले भी धर्मेन्द्र पर इलाके के एक एटीएम का शीशा तोड़ने का आरोप लगा था, जिसकी जांच फिलहाल जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही इलाके में एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। अधिकारियों ने दावा किया है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
