
उदित वाणी जमशेदपुर : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शहरबेड़ा के समीप बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मृतक की पहचान आधार कार्ड के अनुसार लोसो मुर्मू के रूप में हुई है। वह सरायकेला प्रखंड के बड़ामारी पंचायत अंतर्गत छोटा बड़ामारी गांव का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने तड़के सड़क पर शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही समाजसेवी एवं “हाईवे किंग” के नाम से चर्चित शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन को अवगत कराते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और स्थानीय लोगों की मदद से शव को एमजीएम अस्पताल भिजवाया। चांडिल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एनएच-33 पर सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
