
उदित वाणी, रांची : निकाय चुनाव के मतगणना के दौरान कई निकायों में बड़ी संख्या में वोट अमान्य कर दिए गए. जानकारी के मुताबिक धनबाद नगर निगम में चौथे राउंड तक में ही 15071 वोट रिजेक्ट हो गए. देवघर नगर निगम में कुल 6114 वोट रिजेक्ट हुए. चास नगर निगम में कुल 5258 वोट अमान्य करार दिये गए.
मेदिनीनगर नगर निगम में कुल 4398 वोट अवैध हो गए. गुमला नगर परिषद में कुल 3654 वोट अमान्य घोषित कर दिए गए. जिनमें अध्यक्ष पद के लिए 1925 और वार्ड पार्षद के लिए 1729 वोट शामिल हैं. बताया गया कि बैलेट पेपर पर मतदाताओं द्वारा सही ढंग से वोट नहीं किये जाने के कारण वोट रद्य किये गए. राज्य में लंबे समय बाद बैलेट पेपर से चुनाव होने की वजह से मतदान के दौरान कुछ मतदाताओं ने सही जगह हस्ताक्षर या अंगूठा नहीं लगाया.
वहीं कई मतदाताओं ने सही ढंग से मुहर भी नहीं लगाया. बैलेट पेपर से मतदान को लेकर मतदाताओं के बीच व्यापक रूप से जागरुकता अभियान भी नहीं चलाया गया था. बिशेषज्ञों के मुताबिक राज्य भर में अमान्य वोटों का प्रतिशत अपेक्षाकृत अधिक रहा.

