
उदित वाणी, गुवा : गुवा सेल प्रबंधन ने अपनी कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के तहत बाईहातु गांव में बुधवार को तीन दिवसीय फुटबॉल एवं खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार रहे. उनके साथ मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) के. डी. मिश्रा, महाप्रबंधक (कॉन्ट्रैक्ट) बी. के. सुमन, महाप्रबंधक (मैकेनिकल) आर. के. सिन्हा, डीजीएम (सीएसआर) अनिल कुमार एवं डीजीएम (माइनिंग) सी.एन. चौधरी विशिष्ट अतिथियों के रूप में मौजूद रहे.
पहले दिन फुटबॉल मुकाबलों में जोजोगुटू, राजाबेड़ा, तितलीघाट एवं बाईहातु गांव की टीमें शामिल हुईं. उद्घाटन मैच महिलाओं के बीच जोजोगुटू और बाईहातु के बीच खेला गया. शुरुआत में दोनों पक्षों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन मध्यांतर के बाद जोजोगुटू ने एकमात्र गोल कर जीत हासिल की.
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय लिया और फुटबॉल में किक मारकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. चंद्रभूषण कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में जीत-हार दोनों महत्वपूर्ण हैं. हारने वाली टीमें निराश न हों, बल्कि अगले वर्ष बेहतर तैयारी करें. उन्होंने बताया कि गुवा सेल प्रबंधन ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर साल ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित करता है और खिलाड़ियों को खेल सामग्री, जर्सी व फुटबॉल उपलब्ध कराता है.
इस मौके पर छोटानागरा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल, काशिया पेचा गांव के मुंडा कानुराम देवगम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

