
उदित वाणी, सरायकेला : स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन कराने हेतु राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
समीक्षा बैठक आयोजित
समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत की उपस्थिति में मतदान-पूर्व व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. विभिन्न कोषांगों की गतिविधियों एवं पूर्व निर्देशों के अनुपालन की जांच हुई.

कार्यप्रगति पर बल
कोषांगों की कार्यप्रगति समीक्षा कर वरीय पदाधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए.
समन्वय व निगरानी
सेक्टर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के मध्य समन्वय स्थापित कर निरंतर भ्रमण व निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया. मतदान केंद्रों पर कतार प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास व्यवस्था एवं व्यवधानकारी तत्वों पर सतर्कता बरतने के निर्देश हुए.
डिस्पैच व सुविधाएं
पोलिंग पार्टी डिस्पैच एवं रिसीविंग प्लान की समीक्षा कर समयपूर्व व्यवस्थाएं पूर्ण करने को कहा गया. पर्दानशीं केंद्रों व महिला मतदाताओं वाले केंद्रों पर महिला कर्मियों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
पार्किंग व मूलभूत सुविधाएं
डिस्पैच हेतु दोपहिया वाहनों की पार्किंग एनआरआई स्कूल परिसर में व चारपहिया की इंडोर स्टेडियम में होगी. सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, सफाई, प्रकाश आदि न्यूनतम सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने एवं 20 फरवरी तक बल लेखन पूर्ण करने को कहा गया.
गणना व निष्पक्षता
गणना कार्य की तैयारियों को आयोग दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. प्रत्येक चरण में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सर्वोपरि रहेगी, लापरवाही अस्वीकार्य होगी.
उपस्थित पदाधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला परिवहन व खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सहित कोषांग पदाधिकारी उपस्थित रहे.

