
उदित वाणी, आदित्यपुर : जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन द्वारा आज नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल के परिसर में संचालित तीन कैंटीनों का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान सभी कैंटीन संचालकों से वैध फूड लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया. जांच में माई कैफे का फूड लाइसेंस वैध पाया गया.
वहीं, बताया गया कि जायसवाल हॉस्पिटलिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित कैंटीन के संबंध में फूड लाइसेंस हेतु आवेदन किया गया है. जबकि मेडिकल कॉलेज परिसर में संचालित अमित कैंटीन के पास वैध फूड लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया. इस संबंध में संचालक को विधिवत नोटिस निर्गत करते हुए मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों, मरीजों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य हित को दृष्टिगत रखते हुए लाइसेंस प्राप्ति तक कैंटीन को बंद रखने का निर्देश दिया गया.

सभी कैंटीन संचालकों को गुणवत्ता युक्त एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा किसी भी अज्ञात स्रोत से विशेष रूप से पनीर, खोआ, मांस, चिकन, मसाला, सॉस आदि सामग्री क्रय अथवा भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि खाद्य सामग्री केवल वैध फूड लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ताओं से ही प्राप्त की जाए.
जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि जिला के अंतर्गत स्थित सभी शैक्षणिक संस्थानों में संचालित कैंटीनों की नियमित एवं सतत जांच की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों एवं आमजनों को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके.
सभी संचालकों को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम_2006 एवं खाद्य सुरक्षा और मानक विनियम_2011 का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है. नियमों के उल्लंघन की स्थिति में अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

