
उदित वाणी, रांची : रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक लग्जरी मर्सिडीज कार सवार ने पहले एक महिला को टक्कर मारी और विरोध करने पर एक युवक को कार के बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक घसीटता रहा.
पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया है, जिनकी पहचान हाईकोर्ट के अधिवक्ता मनोज टंडन के रूप में हुई है. घटना डोरंडा स्थित राजेंद्र चौक के पास हुई. बताया जा रहा है कि मर्सिडीज कार से एक महिला को चोट लगी. मौके पर मौजूद एक युवक ने जब इसका विरोध किया और वाहन रोकने की कोशिश की, तो चालक ने कथित तौर पर उस पर कार चढ़ाने का प्रयास किया. युवक कार के बोनट पर फंस गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे उसी स्थिति में कई किलोमीटर तक लेकर भागता रहा.
बताया जा रहा है कि रास्ते में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद कार नहीं रुकी. आरोप है कि युवक को बाद में आरोपी अधिवक्ता अपने आवास तक ले गए, जहां उसके साथ मारपीट भी की गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और उसके ठिकाने से युवक को मुक्त कराया. पुलिस ने कार चलाने वाले अधिवक्ता को हिरासत में लिया है, जबकि घायल युवक को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है.
इस बीच घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग डोरंडा थाना पहुंच गए और आरोपी अधिवक्ता पर कार्रवाई की मांग की. इधर, मामला झारखंड हाई कोर्ट भी पहुंच गया. अधिवक्ता एसोसिएशन की ओर से कोर्ट को सूचित किया गया कि अधिवक्ता को हिरासत में लिया गया है और भीड़ से सुरक्षा की आवश्यकता है.
इस पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश एम. एसं सोनक की पीठ ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करे. कोर्ट ने तत्काल राहत देने से इनकार करते हुए राज्य के महाधिवक्ता को अधिवक्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस से समन्वय करने का निर्देश दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
(आईएएनएस)

