
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र की मुख्य सड़क पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें साइकिल से स्कूल जा रहा एक स्कूली छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल छात्र की पहचान बेलडीह ग्राम बस्ती निवासी 13 वर्षीय हपे बानरा के रूप में हुई है. वह भारतीय मॉडल मिडिल स्कूल में छठी कक्षा का छात्र है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हपे बानरा रोज़ की तरह सुबह साइकिल से अपने घर से स्कूल के लिए निकला था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र सड़क पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. सूचना पर बिष्टुपुर थाना की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल छात्र को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को होश आया.
हादसे की खबर मिलते ही छात्र के सहपाठी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सूचित किया. पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके.
