
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो बस स्टैंड पर खड़ी हेमकुंड बस से मोबाइल चोरी के मामले का खुलासा सीतारामडेरा पुलिस ने कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी गए मोबाइल के साथ सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूम पाइप रोड स्थित बर्निंग घाट निवासी राज कहार को गिरफ्तार किया है.
घटना के संबंध में चतरा जिले के चिरीदिरी निवासी कलेश्वर भुइयां ने सीतारामडेरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार 9 फरवरी की शाम करीब 6 बजे से 22 फरवरी की रात 9 बजकर 5 मिनट के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल चोरी कर लिया था. मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी.
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की. इसके बाद छापेमारी कर राज कहार को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी गया मोबाइल बरामद कर लिया गया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल चोरी की बात स्वीकार की है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक घटना या गिरोह से जुड़ा है या नहीं.

