
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों के साथ हुई प्रारंभिक बैठक के बाद शनिवार को सभी 11 ऑफिस बेअरर्स के साथ महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में एनएस के सभी कमेटी मेंबरों के साथ-साथ ओएस के भी कई कमेटी मेंबर उपस्थित रहे. बैठक का संचालन एफएमडी के पारितोष एवं पावर हाउस-4 के सुमन पांडे द्वारा किया गया.
कमेंटी मेंबरों ने ये प्रस्ताव दिए
बैठक में यूनियन के शीर्ष नेतृत्व सहित सभी ऑफिस बेअरर्स उपस्थित थे. इस दौरान यूनियन कमेटी मेंबरों ने ग्रेड रिवीजन को लेकर अपने-अपने प्रस्ताव रखे. मुख्य रूप से चार प्रमुख बिंदुओं पर सर्वसम्मति से जोर दिया गया.
1. एनुअल ग्रोथ महंगाई दर से अधिक हो
2. डीए पर पॉइंट में बढ़ोतरी की जाए
3. एनुअल इंक्रीमेंट वर्तमान बेसिक का न्यूनतम 3 प्रतिशत हो
4. अलाउंस का प्रत्येक दो वर्ष में रिव्यू किया जाए.
एनएस ग्रेड के ग्रोथ को लेकर विचार आमंत्रित
इसके पश्चात ऑफिस बेअरर्स से एनएस ग्रेड में ग्रोथ को लेकर उनके विचार और सुझाव आमंत्रित किए. इस चर्चा में ग्रेड की ऐतिहासिक तुलना, डीए पॉइंट में लंबे समय से रुकी हुई बढ़ोतरी, ग्रेड रिवीजन की अवधि तथा योग्यता संबंधी बाध्यताओं जैसे मुद्दों पर गंभीरता से विचार रखा गया. सभी वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि एनएस ग्रेड में न्यायसंगत, संतुलित और भविष्य-उन्मुख सुधार होना चाहिए. बैठक में यह भी स्पष्ट रूप से कहा गया कि यूनियन नेतृत्व ग्रेड रिवीजन को लेकर पूरी मजबूती के साथ प्रबंधन से बातचीत कर रहा है और सभी निर्णय सामूहिक रूप से, कर्मचारियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए लिए जाएंगे. यूनियन नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए सभी कमेटी मेंबरों ने एकजुटता का संदेश दिया.
प्रबंधन के साथ बैठकों का दौर जारी -अध्यक्ष
अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि ग्रेड रिवीजन को लेकर अब तक कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं और यूनियन की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि ग्रेड से संबंधित सार्थक चर्चा अध्यक्ष, महामंत्री और डिप्टी प्रेसिडेंट की उपस्थिति में ही होगी. उद्देश्य स्पष्ट है -एनएस के कर्मचारियों के लिए बेहतर से बेहतर ग्रेड रिवीजन सुनिश्चित करना. बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई और सभी कमेटी मेंबरों व ऑफिस बेअरर्स ने एक स्वर में अच्छे ग्रेड रिवीजन के लिए अपनी एकजुटता और प्रतिबद्धता दोहराई. मीटिंग में संजीव कुमार चौधरी, सतीश सिंह, अमोद दुबे, राजीव चौधरी, संजय सिंह, संजीव तिवारी, अजय चौधरी, श्याम बाबू और लगभग 80 कमिटी मेंबर उपस्थित थे.

