
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई) के साथ सेल के कर्मचारियों के लिए आउटबाउंड लीडरशिप डेवलपमेंट कार्यक्रमों को जारी रखने और सुदृढ़ बनाने हेतु एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. टीएसएएफ वर्ष 2017 से सेल के साथ कार्य कर रहा है और पिछले आठ वर्षों में 100 से अधिक साहसिक गतिविधियों पर आधारित अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित कर चुका है. नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, दृढ़ता और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किए गए ये पाठ्यक्रम आउटडोर एवं एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से गहन और प्रभावी सीखने का अवसर प्रदान करते हैं. अब तक 2,000 से अधिक सेल कर्मचारी टीएसएएफ द्वारा संचालित आउटबाउंड कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं.
25 जनवरी 2028 तक वैध रहेगा एमओयू
नवीनीकृत एमओयू 25 जनवरी 2026 से 25 जनवरी 2028 तक वैध रहेगा और इसका उद्देश्य संरचित अनुभवात्मक विकास पहलों के माध्यम से सेल में सीखने के परिणामों, कर्मचारी सहभागिता तथा नेतृत्व क्षमताओं को और अधिक सशक्त बनाना है. यह एमओयू टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन की ओर से डीबी सुंदर रामम, वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील एवं चेयरमैन, टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन द्वारा हस्ताक्षरित किया गया. सेल की ओर से इस समझौते पर संजय धर, कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन – लर्निंग एंड डेवलपमेंट), मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई), सेल ने हस्ताक्षर किए.
इन्होंने हस्ताक्षर किया
हस्ताक्षर समारोह के दौरान टाटा स्टील की ओर से उपस्थित अन्य अधिकारियों में मुकुल विनायक चौधरी, चीफ स्पोर्ट्स, टाटा स्टील तथा हेमंत गुप्ता, हेड – स्पोर्ट्स अकादमीज़ एवं एडवेंचर प्रोग्राम, टाटा स्टील और मैनेजिंग ट्रस्टी, टीएसएएफ शामिल थे. सेल की ओर से इस अवसर पर अतनु मुखर्जी, जनरल मैनेजर इन-चार्ज (एचआर–एल एंड डी), एमटीआई, सेल तथा निहारिका, सीनियर मैनेजर (एचआर–एल एंड डी), एमटीआई, सेल उपस्थित रहीं. इस निरंतर साझेदारी के माध्यम से टीएसएएफ और सेल अनुभवात्मक तथा आउटडोर शिक्षण के जरिए सक्षम, आत्मविश्वासी और भविष्य के लिए तैयार नेतृत्व विकसित करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करते हैं.

