
उदित वाणी, सरायकेला : नगर थाना क्षेत्र के टांगरानी गांव निवासी 40 वर्षीय आलोक पड़ीहारी ने शुक्रवार सुबह घर की छत पर लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. वे आईडीबीआई बैंक की सरायकेला शाखा में कर्मचारी थे.
जानकारी के अनुसार, स्नान करने के बाद आलोक ने बच्चों को स्कूल छोड़ा और नाश्ता किया. इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य नदी स्नान के लिए चले गए. घर में अकेले रहने का फायदा उठाते हुए उन्होंने साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. परिजन लौटे तो उन्हें फंदे से लटका मिला. तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें काम के दबाव को आत्महत्या का कारण बताया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

