
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने मंगलवार को आदित्यपुर एवं टाटानगर रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए. निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी दिनों में बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाना रहा.
डीआरएम तरुण हुरिया मंगलवार को सर्वप्रथम आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे. यहां उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, आरक्षण काउंटर, पार्किंग स्थल तथा यात्री आवागमन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि फरवरी माह के प्रथम सप्ताह से आदित्यपुर स्टेशन से आठ ट्रेनों के प्रस्तावित परिचालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं.

डीआरएम ने विशेष रूप से प्लेटफॉर्म की दिशा-निर्देश व्यवस्था (साइनज), टिकट काउंटरों की सुचारू कार्यप्रणाली और यात्रियों की सुविधा के अनुसार आरक्षण काउंटरों की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वाहन खड़े करने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्टेशन परिसर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो.
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की सुविधा के लिए दुकानें खोलने की योजना पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि चाय-पानी, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों के खुलने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी. इसके साथ ही स्टेशन मास्टर से यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर विशेष बातचीत की गई. डीआरएम ने प्रतीक्षालय की साफ-सफाई, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए.
आदित्यपुर स्टेशन निरीक्षण के बाद डीआरएम तरुण हुरिया टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे. यहां उन्होंने स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में लंबे समय से बंद पड़े एस्केलेटर पर विशेष नाराजगी जताई और उसे अविलंब चालू करने का निर्देश दिया. डीआरएम ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए एस्केलेटर व लिफ्ट जैसी सुविधाएं बेहद जरूरी हैं और इनमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और सूचना प्रणाली को और मजबूत किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि टाटानगर स्टेशन झारखंड ही नहीं, बल्कि पूर्वी भारत का एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, ऐसे में यहां की सुविधाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए.
थर्ड लाइन निर्माण कार्य को लेकर डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि यह कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा. थर्ड लाइन के शुरू होने से ट्रेनों के परिचालन में सहूलियत मिलेगी, मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी तथा समयबद्ध परिचालन में सुधार आएगा.
इसके अलावा टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास प्रस्तावित रेलवे फ्लाईओवर निर्माण को लेकर भी डीआरएम ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि सड़क और फ्लाईओवर निर्माण कार्य से संबंधित प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा. फ्लाईओवर के निर्माण से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और शहर के यातायात में भी सुधार होगा.
डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन को एक हाईटेक स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भविष्य में यह स्टेशन सुविधाओं के मामले में किसी एयरपोर्ट से कम नहीं होगा. यहां यात्रियों को आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर सूचना प्रणाली, डिजिटल सुविधाएं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा.
निरीक्षण के दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. डीआरएम ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. निरीक्षण के बाद यात्रियों में भी यह उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में आदित्यपुर और टाटानगर स्टेशन पर उन्हें पहले से कहीं अधिक बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.

