
उदित वाणी जमशेदपुर : लंबी दूरी की ट्रेनों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस से सामने आया है, जहां मानगो के दाईगुट्टू निवासी विनोद तिवारी के करीब तीन लाख रुपये मूल्य के दो जेवर समेत अन्य सामान चोरी हो गए। यह घटना 22 मार्च को ट्रेन के स्लीपर कोच में कियूल स्टेशन के पास हुई।
पीड़ित यात्री के अनुसार, सफर के दौरान उनका बैग सुरक्षित रखा हुआ था, लेकिन सुबह जागने पर सामान गायब मिला। बैग में रखे सोने के जेवर और जरूरी सामान चोरी हो चुके थे। घटना के बाद उन्होंने टाटानगर रेल थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
रेल पुलिस (जीआरपी) ने बताया कि यात्री के बयान के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए कियूल रेल थाना भेज दिया गया है। अब मामले की जांच वहीं की स्थानीय पुलिस करेगी, क्योंकि घटना उसी क्षेत्राधिकार में हुई है।
गौरतलब है कि बिहार रूट की ट्रेनों में इस तरह की चोरी की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। टाटानगर रेल थाना में भी पहले कई ऐसे मामले दर्ज हो चुके हैं। हाल ही में दो अन्य यात्रियों ने लैपटॉप और मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। लगातार बढ़ती घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में रेल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग उठ रही है।
