
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर से सफर करने वाले यात्रियों के लिए आने वाले दिनों में यात्रा चुनौतीपूर्ण रह सकती है. रेलवे प्रशासन ने 23 फरवरी से 1 मार्च 2026 के बीच कई यात्री ट्रेनों के संचालन में व्यापक बदलाव की घोषणा की है. इन बदलावों में मेमू सेवाओं की अस्थायी बंदी, एक्सप्रेस ट्रेनों का आंशिक परिचालन और कुछ ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन शामिल हैं. इसका असर रोजाना ऑफिस, कॉलेज और कारोबार के सिलसिले में यात्रा करने वालों से लेकर लंबी दूरी के यात्रियों तक पर पड़ने की संभावना है.
रेलवे की सूचना के अनुसार कई मेमू ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी. 68045/68046 आसनसोल–आद्रा मेमू 24 और 25 फरवरी को नहीं चलेगी. 68077/68078 आद्रा–विलियामनगर मेमू 26 फरवरी और 1 मार्च को रद्द रहेगी. 68090/68089 आद्रा–मेदिनीपुर मेमू 23, 24, 26, 27 फरवरी और 1 मार्च को बंद रहेगी. 63594/63593 आसनसोल–पुरुलिया मेमू 24 और 25 फरवरी को रद्द रहेगी, जबकि 58053/68054 आद्रा–बराभूम मेमू 23 फरवरी को नहीं चलेगी. इन सेवाओं के प्रभावित होने से दैनिक यात्रियों-कर्मचारियों, छात्रों और छोटे व्यापारियों -को सबसे अधिक असुविधा हो सकती है.
केवल मेमू ही नहीं, कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में भी कटौती की गई है. 18019/18020 झाड़ग्राम–धनबाद एक्सप्रेस 23 और 24 फरवरी को बोकारो स्टील सिटी तक ही सीमित रहेगी. 13503/13504 वर्दमान–हटिया मेमू एक्सप्रेस भी इन तिथियों में केवल गोमो तक संचालित होगी. यात्रियों को बीच मार्ग में वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है.
इसके अलावा 68056/68060 टाटा-आसनसोल मेमू 25 और 28 फरवरी तथा 1 मार्च को केवल आद्रा तक चलेगी. 18601 टाटा=हटिया एक्सप्रेस 24, 25 और 28 फरवरी को बदले हुए मार्ग से चलाई जाएगी. मार्ग परिवर्तन के कारण समय और ठहराव में बदलाव संभव है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें.

