
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित शंकोसाई दुर्गा मंदिर के पास सोमवार सुबह 25 वर्षीय विशाल महतो का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मानगो उलीडीह के गौड़ बस्ती कृष्णानगर निवासी विशाल महतो के रूप में हुई। शव की स्थिति देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, क्योंकि शरीर पर कई जख्मों के निशान थे.
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. लेकिन पोस्टमार्टम केंद्र पर जब परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान देखे, तो वे उग्र हो उठे. आक्रोशित लोग शव को टेंपो में रखकर उलीडीह थाना ले आए. परिजनों ने विशाल की हत्या का आरोप शंकोसाई के कुछ युवकों पर लगाया. हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण बिजली का करंट बताया गया.
इसके बाद गौड़ बस्ती के लोगों ने शव को डिमना रोड पर रखकर चक्का जाम कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने टायर जलाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. जाम के कारण मानगो चौक से डिमना रोड तक यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी बच्चनदेव कुजूर मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शंकोसाई के दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. डीएसपी के हस्तक्षेप के बाद शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है.

