
उदित वाणी, झारखंड: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों के लिए शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 12 अगस्त तक वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी भी दी गई है।
पिछले 24 घंटों में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में सबसे अधिक 75.2 मिमी बारिश हुई, जबकि रांची के नामकुम में 15.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में एक से दो बार बारिश होने की संभावना है।
तीन दिनों में फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून का नॉर्दर्न लिमिट ट्रफ वर्तमान में पश्चिमोत्तर भारत के फिरोजपुर, चंडीगढ़ से होते हुए हिमालय के तराई क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश तक फैला हुआ है। इसके कारण झारखंड में मानसून की सक्रियता में थोड़ी कमी आई है। हालांकि, ट्रफ लाइन के दक्षिणी हिस्से से गुजरने की संभावना है, जिससे अगले तीन दिनों में झारखंड में मानसून फिर से सक्रिय हो जाएगा।

