
उदित वाणी, गुवा : सेल गुवा से स्थानांतरित होकर छत्तीसगढ़ खान समूह के कार्यकारी निदेशक बने कमल भास्कर के पदभार संभालते ही सेल गुवा माइंस और सेल चिड़िया माइंस में नए मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) के चयन को लेकर हंगामा मच गया है. संभावित पदाधिकारियों के नामों को लेकर झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस के भीतर खींचतान जारी है.
सूत्रों के अनुसार, मेघाहातुबुरु और किरीबुरु माइंस क्षेत्र से सीजीएम पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं. किरीबुरु क्षेत्र के पदस्थापित चंद्रभूषण कुमार, कमलेश राय और आर. सिरपुकान के अलावा, मेघाहातुबुरु क्षेत्र के आर.पी. सेलवम और एस.एस. शाह का नाम भी दावेदारी में शामिल बताया जा रहा है.
आंतरिक चर्चाओं और सूत्रों के मुताबिक, यांत्रिक विभाग के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार का नाम प्रमुखता से उभर कर सामने आया है. बताया जा रहा है कि उन्होंने सेल के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है और संगठन को तकनीकी दृष्टि से मजबूती प्रदान की है. प्रबंधन सूत्रों का कहना है कि चंद्रभूषण कुमार की भूमिका न सिर्फ औद्योगिक विकास में बल्कि शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में भी सराहनीय रही है.
वहीं दूसरी ओर, हाल ही में पदोन्नति पाकर छत्तीसगढ़ खान समूह के कार्यकारी निदेशक बने कमल भास्कर के पूर्व कार्यकाल की भी समीक्षा की जा रही है. सूत्रों का दावा है कि सेल गुवा और चिड़िया माइंस में उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कुछ निर्णयों को लेकर जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जिन्हें संवेदनशील और विवादास्पद बताया गया है.
सेल मुख्यालय से शीघ्र ही नए सीजीएम की औपचारिक घोषणा किए जाने की उम्मीद है, जबकि कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच चर्चाओं का दौर तेज़ हो गया है.
