उदित वाणी, जमशेदपुर : रेलवे प्रशासन द्वारा आद्रा मंडल में लाइन ब्लॉक की घोषणा के बाद ट्रेनों के परिचालन पर असर दिखने लगा है। 4 अप्रैल को टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का मार्ग चांडिल के बाद परिवर्तित रहेगा। यह ट्रेन अब मुरी और गुंडा विहार होकर अप एवं डाउन दोनों दिशाओं में संचालित होगी। इस बदलाव से सैकड़ों यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ सकती है।
इधर, शिलघट टाउन–तांबरम एक्सप्रेस का रूट भी मई और जून में कई दिनों तक बदला रहेगा, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। वहीं, नीलांचल एक्सप्रेस के मार्ग में भी मई माह में बदलाव की तैयारी की जा रही है।
लगातार हो रहे इन परिवर्तनों से यात्रियों को समय, कनेक्टिविटी और यात्रा योजना में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने यात्रियों से अपडेट लेकर यात्रा करने की अपील की है।


