
उदित वाणी, शिमला : शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर ने 71वें ऑल इंडिया ड्रामा कंपटीशन के दौरान एक बार फिर से रंगमंचीय प्रतिभा और सामाजिक विचारधारा का भव्य परिचय दिया। 6 से 10 जून तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के रंगकर्मी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहे।
इसी क्रम में जमशेदपुर की चर्चित नाट्य संस्था पथ – पीपुल्स एसोसिएशन फॉर थिएटर ने नाटक ‘कन्यादान’ का प्रभावशाली मंचन प्रस्तुत किया, जिसे द्वितीय सर्वश्रेष्ठ नाटक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था और जमशेदपुर के रंगजगत के लिए गर्व का विषय बन गया। प्रख्यात नाटककार विजय तेंदुलकर द्वारा लिखित ‘कन्यादान’ भारतीय समाज की जातिव्यवस्था, सामाजिक विषमता और विचारधारात्मक पाखंड को गहरे स्तर पर उजागर करता है। नाटक के प्रमुख पात्रों और उनके विचारों के टकराव को मंच पर बखूबी साकार किया गया। कलाकारों ने मंच पर अपने अद्वितीय अभिनय कौशल से दर्शकों और निर्णायकों का मन मोह लिया। नाथ देवलालीकर की भूमिका के लिए मोहम्मद निज़ाम को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का प्रथम पुरस्कार, सेवा की भूमिका के लिए छवि दास को द्वितीय सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और ज्योति की भूमिका के लिए नेहा कुमारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
मंच संचालन, प्रकाश व्यवस्था, संगीत और सज्जा की सभी भूमिकाओं में तकनीकी टीम ने भी उत्कृष्ट सहयोग दिया। पूरी टीम की सामूहिक मेहनत और सामाजिक सरोकार से जुड़ी इस प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया कि रंगमंच समाज को आईना दिखाने वाला सशक्त माध्यम है।

