
उदित वाणी, सरायकेला: झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और विश्वप्रसिद्ध छऊ नृत्य को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरायकेला में ‘राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन 11 अप्रैल से 13 अप्रैल तक किया जाएगा. पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में जिला प्रशासन एवं राजकीय छऊ नृत्य कला केन्द्र के संयुक्त प्रयास से यह तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित हो रहा है.
मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, कई गणमान्य होंगे शामिल
महोत्सव का उद्घाटन 11 अप्रैल को संध्या 7 बजे भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में होगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे. इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार और दीपक बिरूवा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. साथ ही सांसद संजय सेठ, कालीचरण मुण्डा, जोबा मांझी समेत कई जनप्रतिनिधि और विधायक भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे.
छऊ नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
तीन दिवसीय इस महोत्सव में छऊ नृत्य की पारंपरिक और विविध शैलियों के साथ-साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. राजकीय छऊ नृत्य कला केन्द्र के कलाकार विशेष प्रस्तुतियां देंगे. ग्रामीण छऊ नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें सरायकेला, खरसावाँ और मानभूम शैली के दल भाग लेंगे. इसके अलावा शास्त्रीय नृत्य, लोक कला और अंतर्राज्यीय सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
महोत्सव की दूसरी शाम यानी 12 अप्रैल को प्रसिद्ध गायिका सोना मोहापात्रा लाइव प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी. सोना मोहापात्रा अपनी दमदार आवाज और सूफी, लोक एवं समकालीन संगीत के अनूठे संगम के लिए जानी जाती हैं.
धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा महोत्सव
छऊ नृत्य भगवान शिव के तांडव से प्रेरित एक विशिष्ट नृत्य शैली है, जिसमें मुखौटों का प्रयोग इसकी विशेष पहचान है. महोत्सव से पहले कलाकार श्री श्री भैरव पीठ (आखड़ा साल) और माँ झुमकेश्वरी पीठ में पूजा-अर्चना कर आयोजन की सफलता और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं.
तीन दिनों की विस्तृत कार्यक्रम रूपरेखा:
पहला दिन: 11 अप्रैल 2026 (वृन्दावनी घट) :
समय: संध्या 6:00 बजे से कार्यक्रम प्रारंभ
मुख्य अतिथि का आगमन एवं स्वागत
छऊ मंच पूजन और महोत्सव का विधिवत उद्घाटन
यात्राघट (मंगलाचरण) की प्रस्तुति
राजकीय छऊ नृत्य कला केन्द्र के वाद्य कलाकारों द्वारा संगीतमय आराधना
राजकीय छऊ नृत्य कला केन्द्र, सरायकेला के कलाकारों द्वारा विशेष छऊ नृत्य प्रस्तुति
सरायकेला, खरसावाँ एवं मानभूम शैली के ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त दलों का प्रदर्शन
अतिथियों, कलाकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का सम्मान (प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान)
स्थानीय संस्थाओं एवं राज्य/अंतर्राज्यीय कलादलों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
दूसरा दिन: 12 अप्रैल 2026 (गरियाभार घट) :
समय: संध्या 6:00 बजे से कार्यक्रम प्रारंभ
मुख्य अतिथियों का आगमन एवं संबोधन
छऊ मंच पूजन
यात्राघट एवं वाद्य संगीत की प्रस्तुति
ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त दलों का प्रदर्शन
प्रसिद्ध गायिका सोना मोहापात्रा द्वारा लाइव संगीत प्रस्तुति (विशेष आकर्षण)
स्थानीय एवं अंतर्राज्यीय सांस्कृतिक दलों द्वारा विविध नृत्य एवं कला प्रस्तुतियां
तीसरा दिन: 13 अप्रैल 2026 (कालिका घट):
समय: संध्या 6:00 बजे से कार्यक्रम प्रारंभ
मुख्य अतिथि का आगमन एवं मंच पूजन
यात्राघट एवं संगीतमय आराधना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त विजेता दलों का भव्य प्रदर्शन
राजकीय छऊ नृत्य कला केन्द्र एवं स्थानीय संस्थाओं द्वारा छऊ नृत्य की विशेष प्रस्तुतियां
महोत्सव का समापन समारोह
परंपरानुसार पूरी रात आयोजित रात्रि जागरण

