
उदित वाणी, सरायकेला : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, सरायकेला–चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी जुड़े.
बैठक की शुरुआत में जिला खनन पदाधिकारी ने सितंबर एवं अक्टूबर माह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियानों की रिपोर्ट प्रस्तुत की. रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि में 10 ट्रैक्टर, एक ट्रक (407) और दो हाईवा जब्त किए गए. लगभग 20,000 घनफीट ईंट मिट्टी और 15,000 घनफीट बालू खनिज जब्त किए गए. चार वाहनों से 94,000 रुपये की दंड राशि वसूल की गई और दो प्राथमिकी दर्ज की गईं.
उपायुक्त ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन की किसी भी गतिविधि पर पूरी तरह रोक लगाई जाए. उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वित तरीके से सतत निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें. नियमित औचक निरीक्षण अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए उपायुक्त ने कहा कि जब्त खनिजों का ई-ऑक्शन नियमानुसार कर राजस्व प्राप्ति की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए.
उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को भेजा जाए. सभी चेक नाकों पर तैनात मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल को अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी बनाए रखने, सभी वाहनों के दस्तावेजों व परमिट की जांच करने और अवैध पत्थर या बालू परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा गया.
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि खनिज परिवहन में लगे वाहनों में ढुलाई सामग्री को पूरी तरह ढका और सुरक्षित रखा जाए ताकि पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक मार्गों की स्वच्छता बनी रहे. उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण विभाग के साथ समन्वय कर अवैध ईंट भट्टों की जांच और बंदी सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया.
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र (दलमा) में अवैध पत्थर खनन की शिकायतों पर उपायुक्त ने वन विभाग, खनन विभाग, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को संयुक्त औचक निरीक्षण करने और दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने कहा कि अवैध खनन से संबंधित किसी भी सूचना पर अधिकारियों को तुरंत संयुक्त कार्रवाई दल बनाकर गोपनीय छापेमारी करनी चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि जब्त वाहनों और मशीनरी के साथ-साथ संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो.

