उदित वाणी, चांडिल : रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीराम सनातन समिति चांडिल की ओर से शुक्रवार को भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया. गाजे-बाजे और धार्मिक उत्साह के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे चांडिल बाजार को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया. जगह-जगह भगवा पताकाओं से सजे बाजार में श्रद्धालुओं ने एक स्वर में “जय श्रीराम” के उद्घोष से माहौल को गुंजायमान कर दिया. शोभा यात्रा की शुरुआत चांडिल स्टेशन स्थित पुराने पेट्रोल पंप परिसर से हुई, जो नगर भ्रमण करते हुए रेलवे बायपास के समीप नवनिर्मित अंडरपास पहुंची. यहां भारत माता की भव्य आरती के साथ यात्रा का समापन किया गया.

शोभा निकालने से पूर्व समिति द्वारा क्षेत्र के प्रबुद्धजनों और गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया. अतिथि के रूप में पहुंचे महंत इंद्रानंद सरस्वती, वरिष्ठ भाजपा नेता रूपेश (पप्पू) वर्मा, समाजसेवी खगेन महतो, सुब्रतो चटर्जी, चंदन वर्मा एवं गम्हारिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी को स्मृति चिन्ह, भगवा अंगवस्त्र और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया. शोभा यात्रा के दौरान चांडिल के प्रखर समाजसेवी राकेश वर्मा, चांडिल प्रखण्ड कार्यवाहक प्रमुख रामकृष्ण महतो, हिन्दू नव वर्ष यात्रा जमशेदपुर के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, दीपक भदानी, रोहन श्रीवास्तव, राजू साव, भोला सिंह सरदार, बुद्धेश्वर महतो और समिति अध्यक्ष आकाश महतो सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे. साथ ही बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को और भव्य बना दिया. पूरे आयोजन में अनुशासन और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. इस दौरान चांडिल पुलिस प्रशासन से थाना प्रभारी डिल्सन बिरुआ के नेतृत्व में पूरी मुस्तैद दिखी.


