उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला-खरसावाँ जिले के पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन नगर भवन (टाउन हॉल), सरायकेला में किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
नन्हे बच्चों के लिए रोचक प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर, बैलून फोड़ और इन-आउट जैसी मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया. छोटे बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
बड़े विद्यार्थियों के लिए बौद्धिक खेल
कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए लूडो, कैरम और शतरंज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया.
विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए. वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया. साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया.
अधिकारियों ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
इस अवसर पर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षणिक के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है. इससे आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया.


