
उदित वाणी, सरायकेला–खरसावाँ : जिले में सोमवार 15 दिसंबर से सभी 27 धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान क्रय कार्य विधिवत रूप से शुरू हो गया. पहले ही दिन किसानों ने उत्साह दिखाते हुए विभिन्न केंद्रों पर कुल 343.48 क्विंटल धान की बिक्री की. सभी केंद्रों पर धान खरीद कार्य निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार सुचारु रूप से संचालित हो रहा है.
इसी क्रम में चांडिल प्रखंड अंतर्गत भाडूडीह लैंप्स लिमिटेड स्थित धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की माननीया विधायक श्रीमती सविता महतो ने किया. उद्घाटन के उपरांत उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में पर्याप्त संख्या में धान अधिप्राप्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

विधायक ने आश्वस्त किया कि किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान का भुगतान समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाएगा. साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी लैंप्स पर ही धान की बिक्री करें तथा बिचौलियों से सतर्क रहें, जिससे उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके.
जिले के शेष 26 धान अधिप्राप्ति केंद्रों का उद्घाटन भी जनप्रतिनिधियों – माननीय सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, मुखिया, प्रमुख – तथा प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों जैसे जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी की उपस्थिति में किया गया.
जिला प्रशासन ने बताया कि सभी अधिप्राप्ति केंद्रों पर किसान अपने धान की बिक्री सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर सकते हैं. उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे केवल सरकारी रूप से अधिकृत लैंप्स एवं धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही धान की बिक्री करें, ताकि उन्हें निर्धारित एमएसपी का पूर्ण लाभ मिल सके.

