
उदित वाणी, सरायकेला : उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार अवैध बालू उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर नकेल कसने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की.
जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला खनन विभाग, पुलिस निरीक्षक (सरायकेला), राजनगर थाना प्रभारी एवं सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम ने राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुजू में औचक निरीक्षण सह छापेमारी अभियान चलाया.
अभियान के दौरान बालू खनिज का अवैध परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर राजनगर थाना को सुपुर्द किया गया. वहीं, मौके से लगभग पंद्रह हजार घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू भी प्रशासन ने जप्त किया.
इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत राजनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध खनन व खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा.

