
उदित वाणी, सरायकेला/राजनगर : तुमुंग गाँव में शुक्रवार को 125 कन्याओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। राजनगर प्रखंड के तुमुंग पंचायत अंतर्गत आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में सुबह गाँव के छोर स्थित तालाब से पूजा-अर्चना के बाद कन्याओं ने पवित्र जल से कलश भरा और भजन-कीर्तन के साथ यात्रा प्रारंभ की।
कलश यात्रा शिव मंदिर होते हुए हरिमंदिर पहुँची, जहाँ विधिवत कलश स्थापना की गई।
शनिवार से गाँव में अष्टम प्रहर अखंड राधा–गोविंद हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ है। कलश यात्रा के बाद शाम को गंध (धूप–दीप) समारोह का आयोजन किया जाएगा।
पूरे आयोजन को लेकर गाँव में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो, ग्राम प्रधान तपन महतो सहित कई समाजसेवियों और ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।

